Friday, November 13, 2015

दिल्ली में खुलेगी 'मैडम तुसाद म्‍यूजियम' की शाखा

Journalist Shashank Shekhar Bajpai 
लंदन। दुनियाभर में चर्चित मोम संग्रहालय 'मैडम तुसाद' की नई शाखा अब दिल्ली में खुलेगी। 'भारत-ब्रिटेन सांस्कृतिक वर्ष- 2017' के तहत भारत में तुसाद संग्रहालय की शाखा खोली जाएगी।

यह घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली ब्रिटेन यात्रा के दौरान की गई है। लंदन स्थित इस चर्चित मोम संग्रहालय में मशहूर कलाकारों की प्रतिमाएं शामिल हैं, जिनमें बॉलीवुड सितारे अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित से लेकर कैटरीना कैफ तक शामिल हैं।

डेविड कैमरन ने घोषणा की है कि 2017 के सांस्कृतिक आदान-प्रदान के तहत भारत में प्रदर्शित करने के लिए ब्रिटिश संग्रहालय के दुर्लभ खजाने में से कुछ चीजें, शेक्सपीयर की फर्स्ट फोलियो और मैग्ना कार्टा की एक प्रति भेजी जाएगी। ब्रिटेन में भारत महोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा।

ब्रिटिश पीएम कैमरन ने कहा कि भारत और ब्रिटेन के बीच की अनूठी भागीदारी आर्थिक समझौतों से परे शेक्सपीयर और बॉलीवुड तक जा पहुंची है। हम दुनिया के सर्वश्रेष्ठ सांस्कृतिक आदान-प्रदानकर्ताओं में से हैं। और अब वक्‍त आ गया है कि साथ मिलकर इसका जश्न मनाया जाए।

इसी कड़ी में ब्रिटिश पुस्तकालय अपने दक्षिण एशियाई अभिलेखों के दो लाख पृष्ठों को डिजिटलाइज कर रहा है ताकि 1714 से 1914 तक की भारतीय पुस्तकों दुनियाभर में पढ़ने के लिए उपलब्‍ध हो सकें।

No comments: